उत्तर प्रदेशउत्तराखंडराजनीति

एकजुट होकर कांग्रेस को आगे बढ़ाएं, तभी बदलाव होगा- मीरा कुमार

नई पीढ़ी के लिए मिसाल है जगजीवन राम का जीवन और संघर्ष
लखनऊ। पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेश मुख्यालय में आयोजित समारोह में कांग्रेस की नीतियों, दलितों की एकजुटता और भविष्य की तस्वीर पर मंथन हुआ। अपील की गई कि एकजुट होकर कांग्रेस के साथ आएं, तभी बदलाव दिखेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने ने लखनऊ की तहजीब की तारीफ की। आए हुए कांग्रेसजनों का स्वागत किया। कानपुर को अपना ननिहाल बताते हुए खुद के रिश्तों की दुहाई दी। जगजीवन राम के जीवन और संघर्ष की कहानी सुनाते हुए भावुक हो गईं।

उन्होंने कहा कि छुआ-छूत, ऊंच-नीच की भावना समाज रूपी पेड़ में अमर बेल की तरह लिपटी हुई है, जो समाज को कमजोर कर रही है। हमें इससे ऊपर उठकर देश के विकास के लिए एकजुट होना होगा। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तारीफ करते हुए कहा कि तकनीकी गड़बड़ी न होती तो वह सांसद होते। कहा कि अभी बहुत कुछ करना बाकी है। यूपी के कांग्रेस से बड़ी उम्मीद है। भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह उद्घोष और सैलाब कांग्रेस को ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि वह कई देशों में जा चुकी हैं, लेकिन वहां सामाजिक न्याय की जरूरत नहीं पड़ती। ऐसे में भारत में ही यह समस्या क्यों है, इस पर सभी को विचार करने की जरूरत है। आजादी मिले कई साल बीच गए हैं, लेकिन अभी अमीरी- गरीबी की खांई नहीं पटी है। अंग्रेज जाते वक्त बंटवारा करके पाकिस्तान बनवा दिया और हिंदुस्तान के समाज
को बांट दिया। उन्होंने जगजीवन राम से जुड़े संस्मरण बताएं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस से जुड़ रहे युवाओं की ताकत भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी। 2027 का चुनाव कांग्रेस के हक में होगा। यह चुनाव कांग्रेस को बहुमत देगा। इस चुनाव के बाद कांग्रेस का वनवास खत्म होगा। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि जगजीवन राम का जीवन साहस और अटूट संकल्प सिखाता है। जगजीवन राम के विचारों पर चलते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी समतामूलक समाज के निर्माण में लगे हैं। मैके पर संसद तनुज पूनिया, उज्जवल रमण सिंह, अंशुल अभिजीत, मनोज यादव, अनामिका यादव, शिव पांडेय, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन मनीष हिंदवी ने किया।

दलित ही नहीं ब्राह्मण समाज पर भी संकट- प्रो रतन लाल
मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो0 रतन लाल ने जगजीवन राम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि स्व अटल बिहारी बाजपेई ने सरकारी कर्मचारियों की पेंशन छीन ली और वर्तमान सरकार नौकरी छीनने पर अमादा है। सरकारी नौकरियों में
सर्वाधिक संख्या सवर्णों की रही है और नौकरी और पदों की संख्या कम होने से नुकसान भी इसी वर्ग के लोगों का है। उन्होंने सवाल किया कि जब नौकरियां कम होंगी तो ब्राह्मण समाज क्या करेगा? इसलिए दलित ही नहीं ब्राह्मण समाज को
भी सावधान होना होगा। भाजपा कभी भी ब्राह्मण समाज की हितैषी नहीं है। इंदिरा गांधी ने दलित ही नहीं ब्राह्मण समाज के लिए भी कार्य किया है।

आज कांग्रेस कार्यालय में दिखाई जाएगी फिल्म
कार्यक्रम में उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम के जीवन पर आधारित तथा राहुल गांधी द्वारा सामाजिक न्याय के लिए किए जा रहे संघर्षों पर आधारित दो लघु
फिल्मों का प्रसारण किया गया। इस फिल्म को रविवार को सभी कांग्रेस कार्यालय में दिखाया जाएगा।

इनका हुआ सम्मान

कार्यक्रम के तृतीय सत्र सम्मान समारोह में पूर्व सांसद श्पी0एल0 पुनिया, बृजलाल खाबरी, कमल किशोर कमांडो, श्रीमती ओमवती देवी, ए0पी0 गौतम, पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रसाद, फूल कुँवर, इन्दल रावत, श्रीमती मीता गौतम, भगवती प्रसाद चौधरी, गयादीन अनुरागी, राधे श्याम कनौजिया तथा सामाजिक एवं बौद्धिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे महानुभाव एच0 एल0 दुसाध, ज्ञान प्रकाश जख्मी, अमित नायब, महेश चंद देवा भाई, सुश्री विद्या गौतम, सुनील राम को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि श्रीमती मीरा कुमार जी द्वारा सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button