
6 जून को सीएनईटी परीक्षा आयोजित होगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीएससी, पोस्ट बेसिक बीएससी और एमएससी नर्सिंग में दाखिले शुरू हो गए हैं। अभ्यर्थी 20 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। छह जून को सीएनईटी परीक्षा होगी। परिणाम जून में आएगा और 15 जुलाई तक काउंसलिंग के जरिए सीट आवंटन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
प्रवेश परीक्षा के आधार पर एसजीपीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान सहित सभी राजकीय, स्वशासी मेडिकल कॉलेजों और निजी कॉलेजों में सीटें आवंटित की जाएंगी। प्रवेश परीक्षा अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय करा रहा है।
विश्विद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए संयुक्त नर्सिंग प्रवेश परीक्षा (सीएनईटी) की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी कोर्स में आनलाइन ही आवेदन लिए जा रहे हैं।
पिछले वर्ष परीक्षा परिणाम में देरी और दाखिला देर से शुरू होने की वजह तमाम छात्र दूसरे राज्यों में दाखिला ले लिए थे। इस वजह से निजी क्षेत्र की तमाम सीटें खाली रह गई थी। यही वजह है कि इस वर्ष दाखिले की प्रक्रिया जल्दी शुरू की गई है। इस वर्ष बीएससी नर्सिंग की करीब डेढ़ सौ सीटें बढने की उम्मीद है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
अभी सरकारी क्षेत्र की करीब 1370 और निजी क्षेत्र की 10240 सीटें हैं। इसी तरह एमएससी नर्सिंग की सरकारी क्षेत्र में 270 और निजी क्षेत्र में करीब 1100 सीटें हैं। बीएसएसी, पोस्ट बेसिक बीएससी और एमएससी नर्सिंग के लिए आवेदन की प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू हो गई है।
अंतिम तिथि 20 मई है। फार्म संशोधन 13 से 20 मई तक किया जा सकेगा। प्रवेश पत्र 30 मई को जारी होगा और छह जून को प्रवेश परीक्षा होगी। परिणाम जून के दूसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा। 15 जुलाई तक दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी



