लखनऊ। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लखनऊ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन पर भारत के खिलाफ साजिश रचने और म्यांमार में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को ट्रेनिंग देने का गंभीर आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पेट्रो हुरबा (36), तारास स्लिवियाक (37) और इवान सुकमानोव्स्की (34) के रूप में हुई है। ये तीनों ड्रोन तकनीक में विशेषज्ञ हैं। जांच में सामने आया है कि ये आरोपी 18 दिसंबर 2025 को संयुक्त अरब अमीरात से भारत आए थे। इसके बाद ये मिजोरम के रास्ते म्यांमार के चिन राज्य पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय आतंकी संगठनों से संपर्क स्थापित किया। बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क यूरोप से ड्रोन म्यांमार पहुंचाकर वहां सक्रिय समूहों को तकनीकी मदद दे रहा था, जिसका इस्तेमाल भारत में अस्थिरता फैलाने के लिए किया जाना था। जब आरोपी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्होंने एक होटल में कमरा लिया। होटल स्टाफ ने पहचान दस्तावेज और जरूरी फॉर्म भरने को कहा, जिसके बाद उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। जानकारी संबंधित एजेंसियों और एम्बेसी के साथ साझा की गई। इसके बाद इमिग्रेशन विभाग ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लखनऊ में केवल एक दिन रुकने वाले थे और इसके बाद कुआलालंपुर जाने की उनकी योजना थी, जिसके लिए फ्लाइट बुक की जा चुकी थी।
NIA ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया है। एजेंसी फिलहाल उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी हुई है।



