
चिकित्सा, शिक्षा, पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्र में 26 महिलाओं को सपा कार्यालय में किया गया सम्मानित
लखनऊ।।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दादी मूर्ति देवी एवं मात मालती देवी की याद में रविवार को महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। महिला सम्मान समारोह में फूलन देवी, जिन्हें समाजवादी पार्टी ने सांसद बनाया था, उनके नाम पर भी सम्मान दिया गया। सामाजिक न्याय की दृष्टि से यह सम्मान ऐतिहासिक है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं मैनपुरी की सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में साहित्य-संगीत, चिकित्सा, खेल, न्याय, जनजागरण, शौर्य, पत्रकारिता, हस्तशिल्प, शिक्षा, दलित विमर्श के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए 26 महिलाओं को सम्मानित किया।
समारोह में जनजागरण के लिए ऊदा देवी झलकारी बाई सम्मान, सामाजिक कार्यकर्ता रोशनी, खेल के क्षेत्र में रानी लक्ष्मी बाई सम्मान से क्रिकेटर पूनम यादव, जनआंदोलन के लिए महावीरी देवी बाल्मीकी सम्मान से ममता गौतम, साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए बेगम हजरत महल सम्मान से सुमन पाण्डेय और बुशरा, शिक्षा के क्षेत्र में सावित्री बाई-शेख फातिमा सम्मान से डॉ. रीता चौधरी और कहकशां अरबी, पर्यावरण के लिए अहिल्याबाई होल्कर सम्मान से डॉ. सुनीता यादव, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. रमा यादव सम्मान से डॉ. नय्यरा शकील, विज्ञान के क्षेत्र में डॉ. कमर रहमान, वकालत के क्षेत्र में लीला सेठ सम्मान से नंदिनी वर्मा, संगीत के क्षेत्र में बेगम अख्तर सम्मान से अनीता गौतम और सुनीता झींगरन को सम्मानित किया गया।

इसी तरह से साहित्य के क्षेत्र में कमला चौधरी सम्मान से डॉ. रेनू यादव, हस्तशिल्प के क्षेत्र में कमला देवी चट्टोपाध्याय सम्मान से रिजवाना, अक्शा और अलशिफा, पत्रकारिता के क्षेत्र में महादेवी वर्मा सम्मान से डॉ. माद्री ककोटी और अजीज काविश लेनिन, दलित विमर्श के क्षेत्र में सरस्वती अम्माल अलमेलू अम्माल सम्मान से डॉ. प्रियंका सोनकर, बाल शिक्षा के क्षेत्र में दुर्गा देवी वोहरा सम्मान से सुनैना देवी, फिल्म थियेटर के क्षेत्र में जद्दन बाई सम्मान से अर्चना आर्य, मानवाधिकार के क्षेत्र में सरोजनी नायडू सम्मान से शहनाज सिद्दीकी, उर्दू साहित्य के क्षेत्र में इस्मत चुगताई सम्मान से डॉ. सबीहा अनवर, बहादुरी के लिए फूलन देवी सम्मान से रीमा गौतम, लोक नाट्य के क्षेत्र में गुलाब बाई सम्मान से मधु अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के लिए हमेशा काम किया है। आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं के सम्मान और समृद्धि के लिए फिर योजनाओं को लागू करेंगे। आधी आबादी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
इस अवसर पर सभी सम्मानित महिलाओं को बुके, शाल तथा प्रशस्ति पत्र दिए गए। श्रीमती डिम्पल यादव एवं अखिलेश यादव ने इनके अतिरिक्त सम्मान समारोह समिति की अध्यक्ष वंदना मिश्रा, सलाहकार आलोक रंजन, पूर्व एमएलसी कांति सिंह, डॉ. मधु गुप्ता, मीरावर्धन, रूप रेखा वर्मा का भी शाल ओढ़ाकर सम्मान किया।




